क्षेत्रीय
01-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। अदानी गु्रप द्वारा जिले में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले सीमेंट प्लांट के शिलान्यास की तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 मई को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम के लिए आज कार्यक्रम स्थल का प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा विस्तृत अवलोकन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अदानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदानी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। स्थल निरीक्षण के दौरान गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, नपाध्यक्ष सविता गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह यादव, हीरेन्द्र सिंह बंटी बना और देवेन्द्र गुप्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले से जिला कलेक्टर किशोर कान्याल और एसपी हितिका वासल सहित अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह बड़ा निवेश क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा। सीताराम नाटानी