:: नेहरू स्टेडियम में जारी स्पर्धा के विजेताओं का होगा सम्मान, 1987 से दी जा रही है प्रतिष्ठित ट्रॉफी :: इंदौर (ईएमएस)। इन्दौर जिला बैडमिंटन संगठन द्वारा आयोजित शांतादेवी कमल भंडारी स्मृति इन्दौर जिला मिनी और सब जूनियर बैडमिंटन स्पर्धा के विजेताओं के लिए दोहरी खुशी की खबर है। नेहरू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में खेली जा रही इस स्पर्धा के 11, 13 और 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका एकल विजेता खिलाड़ी प्रतिष्ठित कर्णिक पुरस्कार के हकदार भी होंगे। कर्णिक स्मृति समिति, इन्दौर के सचिव धर्मेश यशलहा ने बताया कि समिति द्वारा इन्दौर जिला बैडमिंटन के एकल विजेताओं को प्रतिवर्ष यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। वर्तमान स्पर्धा के विजेता वर्ष 2026-27 के कर्णिक पुरस्कार के लिए पात्र बनेंगे। वहीं, वर्ष 2025-26 के इन्दौर जिला एकल विजेताओं को आगामी जून या जुलाई माह में सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब है कि इन्दौर जिला बैडमिंटन संगठन के संस्थापकों में से एक स्वर्गीय वी.पी. कर्णिक के सम्मान में यह पुरस्कार वर्ष 1987 से निरंतर दिया जा रहा है। पिछले वर्ष विश्व बैडमिंटन दिवस के अवसर पर यह सम्मान प्रदान किया गया था। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हर साल महिला-पुरुष वर्ग सहित 11, 13, 15, 17, 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका और 45 प्लस (बुजुर्ग) एकल विजेताओं को दिया जाता है। प्रकाश/01 मई 2026