ट्रेंडिंग
02-May-2026
...


- 4 रूपये में ‘खाता सेटिंग’! - वायरल वीडियो ने राजनीति में मचाया बवाल - ‘खुलासा’ या ‘मजाक’? सिंधिया पर सवाल ग्वालियर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश की राजनीति इन दिनों एक वायरल वीडियो के बहाने नए “डिजिटल ड्रामे” का मंच बन गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक युवक दावा करता दिख रहा है कि वह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कथित बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कर रहा है। मजेदार बात यह है कि वह पूरे आत्मविश्वास के साथ 4 रूपये भेजकर “अकाउंट का डिजिट सेट” करने की बात करता नजर आता है। वीडियो में दिखाई गई कथित राशि करीब 18 करोड़ 80 लाख रुपए ने जहां आम लोगों की आंखें चौड़ी कर दी हैं, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इसने हलचल मचा दी है। कुछ लोग इसे साइबर सुरक्षा की बड़ी चूक बता रहे हैं, तो कुछ इसे “एडिटिंग का कमाल” कहकर खारिज कर रहे हैं। राजनीतिक तंज भी पीछे नहीं है। विपक्ष इसे “डिजिटल पारदर्शिता” का नया उदाहरण बता रहा है, तो सत्ता पक्ष इसे “फर्जी नैरेटिव” करार दे रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स भी पीछे नहीं हैं, कोई पूछ रहा है कि “क्या अब 4 रुपए से करोड़ों के खातों में एंट्री मिलती है?”, तो कोई इसे “व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी का नया शोध” बता रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। ईएमएस भी इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। फिलहाल, सियासत में यह वीडियो “4 रूपये की राजनीति” बन चुका है। जहां मुद्दा कम, मजाक और तंज ज्यादा नजर आ रहा है।