कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर पिस्टल गन लाइटर के साथ फोटो/वीडियो वायरल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चोरी के एक मामले में भी की गई है। पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मनसाही थाना क्षेत्र के छोटी बधना चौक पर एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार जैसी वस्तु के साथ फोटो/वीडियो वायरल किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मो. तजमुल (पिता– मो. शकील, निवासी छोटी बधना, थाना मनसाही, जिला कटिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल गन लाइटर बरामद किया गया। इसके बाद मनसाही थाना कांड संख्या 101/26 के तहत चोरी के आरोप में उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भ्रामक या डर पैदा करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा- ०१ मई/२०२६/ईएमएस