लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यक्रमों और गतिविधियों के संबंध में उपलब्धियों की जानकारी ली। बैठक में गोटेगांव और सांईखेड़ा ब्लॉक में आयुष्मान कार्ड की उपलब्धि कम पाए जाने पर बीसीएम को नोटिस जारी करने और एक सप्ताह में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में गर्भवती माताओं के पंजीयन की समीक्षा की। उन्होंने एएनसी पंजीयन की उपलब्धि कम पाए जाने पर निर्देशित किया कि जिन हितग्राही के समग्र आईडी नहीं बने हैं, उनकी समग्र आईडी तत्काल बनवाकर पंजीयन कराया जाए। ऐसे ग्राम चिन्हित किए जाएं, जिनमें एएनसी पंजीयन कम है, उन स्थानों पर स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा सर्वे कराया जाए। बैठक में पंजीयन जांच की प्रगति कम होने पर प्रत्येक शनिवार को सेक्टर स्तर पर बैठक आयोजित कर एएनएम को निर्देशित कर शतप्रतिशत चार पंजीयन जांच अपडेट कराई जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिन महिलाओं के द्वारा ई-केवायसी एवं डीबीटी नहीं कराई गई है। ऐसी महिलाओं के नाम सहित ग्रामवार एवं वार्डवार लिस्ट तैयार कर पूर्ण करें। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे महिलाओं और बच्चे जो प्रसव पश्चात अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं, उनकी निरंतर मानीटरिंग व उपचार किया जाए, जिससे मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। उन्होंने बैठक में एचबीएनसी की मानीटरिंग करने और महिलाओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सलाह देने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के द्वारा संयुक्त रूप से मिलकर आशा एवं आंगनबाड़ी की ब्लॉक स्तर पर समन्वय स्थापित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में क्षय नियंत्रण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा, शतप्रशित स्क्रीनिंग, एक्स-रे, निक्षय मित्र के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने पोषण पुर्नवास केन्द्र में भर्ती बच्चों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पोषण पुर्नवास केन्द्र में बच्चों के लिए शत-प्रतिशत बेड उपलब्ध रहे। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि जनगणना कर रहे दल को ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए जाएं। हेल्थ कैम्प आयोजित कर जनगणना दल की स्वास्थ्य जांच किया जाए। बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत एचबीपीव्ही टीकाकरण, पूर्ण टीकाकरण, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे भ्रमण एवं परख एप में भ्रमण की एंट्री, यू विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत टीकाकरण की एंट्री तथा सीएम हेल्प लाईन की गहन समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. आर.के. चौधरी, समस्त कार्यक्रम अधिकारी, बीएमओ, स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के समस्त जिला व ब्लॉक स्तरीय और अन्य अधिकारी मौजूद थे। श्री मेरावी/ ईएमएस / 01 मई 2026