क्षेत्रीय
01-May-2026


जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्यों का लिया जायजा नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को गोटेगांव विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत शेढ़ बेलखेड़ी एवं ग्राम खापा का भ्रमण कर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंटूर ट्रेंच निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत शेढ़ बेलखेड़ी में लगभग 30 एकड़ शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को 48 घंटे के भीतर हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद उक्त भूमि पर कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया जाए, जिससे वर्षा जल का संरक्षण एवं भू-जल स्तर में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बेलखेड़ी में संचालित गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि गौशाला परिसर की भूमि में भी कंटूर ट्रेंच बनाए जाए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिले। साथ ही गौवंश के लिए पर्याप्त हरे चारे की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री उदय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। श्री मेरावी/ ईएमएस / 01 मई 2026