हाथरस (ईएमएस)। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से गुरुवार रात 5वीं निशुल्क गंगा स्नान यात्रा भव्य रूप से रवाना हुई। ग्राम भेंकुरी-बरसौली चौराहे से कछला गंगा घाट के लिए 41 बसों में हजारों श्रद्धालु रवाना हुए। यात्रा में महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी से पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।यह धार्मिक यात्रा श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित की जाती है, जिसका संचालन लालपुर (एटा) निवासी सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ द्वारा किया जा रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रहे सूर्य प्रताप सिंह पिछले कई वर्षों से एटा, हाथरस और आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को निशुल्क गंगा स्नान कराते आ रहे हैं। यह यात्रा 15 मई 2022 से प्रत्येक पूर्णिमा पर निरंतर आयोजित की जा रही है और अब सैकड़ों गांवों तक अपनी पहचान बना चुकी है।इस बार यात्रा का शुभारंभ पहली बार सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के भेंकुरी-बरसौली चौराहे से किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। गुरुवार रात करीब 12 बजे बसों की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। श्रद्धालु कछला गंगा घाट पहुंचकर स्नान, पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करेंगे, जिसके बाद शुक्रवार सुबह सभी अपने गांवों को लौटेंगे।यात्रा की विशेषता यह है कि बसों सहित सभी व्यवस्थाओं का खर्च आयोजक स्वयं वहन करते हैं और यह सेवा पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में अमन राघव, अनुज कुमार, प्रबल प्रताप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, प्रशांत, जतिन, रवि, सुमित, राकेश, धर्मपाल, धर्मवीर, कृपेंद्र, अवधेश, संतोष, तरुण, बृजेश मोहन, दीपेंद्र सहित कई लोग मौजूद रहे। ईएमएस / 01 मई 2026