हाथरस (ईएमएस)। सासनी-नानऊ मार्ग पर गांव नया नगला के पास सड़क किनारे बंधी भैंस से टकराकर एक ई-रिक्शा पलट गया। इस हादसे में रिक्शा में सवार एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि चालक समेत दो अन्य को मामूली चोटें आईं। वृद्ध महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। शुक्रवार मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे की है। ग्राम सीकुर निवासी सोबरन सिंह की पत्नी मीरा देवी किसी काम के लिए ई-रिक्शा में सवार होकर अपने गांव से सासनी आ रही थीं। बताते हैं कि रास्ते में गांव नया नगला में श्री हनुमान जी मंदिर के पास पहुंचते ही रिक्शा सड़क किनारे बंधी भैंस से टकराकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। जिससे ई-रिक्शा में बैठी मीरा देवी सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गईं, साथ ही घटना में ई-रिक्शा चालक और एक अन्य महिला को मामूली रूप से घायल जो गईं, जिन्होंने अपना उपचार निजी अस्पताल में कराया गया। घटना में ई-रिक्शा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने एक निजी वाहन से घायल वृद्धा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। ईएमएस / 01 मई 2026