उल्हासनगर, (ईएमएस)। दिनदहाड़े उल्हासनगर में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। अंबरनाथ के प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय गणेश वाघे पर पांच अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना कैंप-5 स्थित नेताजी चौक के पास बर्गर किंग दुकान के सामने हुई, जहां गणेश किसी काम से गया हुआ था। अचानक पहुंचे हमलावरों ने उस पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और पेट में चाकू घोंप दिया गया, जो शरीर में ही फंसा रह गया। हमले के बाद गणेश सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत उल्लासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे कलवा स्थित अस्पताल में रेफर किया गया है। उधर घटना की सूचना मिलते ही हिल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पंचनामा कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और नागरिकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। आश्चर्य की बात ये है कि नेताजी चौक पर आए दिन हिसंक झड़प होती रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है इसलिए पुलिस प्रशासन को नेताजी चौक परिसर में कड़ी नजर रखने की जरुरत है। संतोष झा- ०१ मई/२०२६/ईएमएस