क्षेत्रीय
01-May-2026


हाथरस (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान की शुरुआत स्वयं श्रमदान कर की गई, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।श्रम दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभी कार्यालयों, गलियारों, शौचालयों, पार्किंग स्थल और खुले क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। इस दौरान अनावश्यक कचरे का निस्तारण, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा स्वच्छता मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस श्रम की गरिमा और श्रमिकों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने कहा कि जब अधिकारी और कर्मचारी स्वयं श्रमदान करते हैं, तो समाज को सकारात्मक संदेश मिलता है। स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यस्थल से कार्यक्षमता बढ़ती है और बेहतर वातावरण का निर्माण होता है।उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि स्वच्छता को दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं, कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई रखें और अनावश्यक सामग्री का समय-समय पर निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।अभियान में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्तागण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ईएमएस / 01 मई 2026