क्षेत्रीय
01-May-2026


हाथरस, (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (यूपीजीबी) ने अपनी स्थापना का एक वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस के सभागार में प्रथम वर्षगांठ उत्साहपूर्वक मनाई। कार्यक्रम में बैंक ग्राहकों, समाजसेवियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में केक काटकर व मिष्ठान वितरण कर खुशी साझा की गई।स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बैंक द्वारा अप्रैल माह में “नवारम्भ - पहला कदम लक्ष्य की ओर” अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत हाथरस क्षेत्र की सभी शाखाओं और अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, किसानों और व्यापार मंडलों से सीधा संवाद स्थापित किया। इसका उद्देश्य बैंक के विस्तार को मजबूती देना और नए ग्राहकों को जोड़ना रहा।कार्यक्रम के दौरान आयोजित ग्राहक गोष्ठी में बैंक अधिकारियों ने ऋण योजनाओं, जमा उत्पादों और डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैंक प्रबंधन ने अपनी सफलता का श्रेय ग्राहकों के विश्वास को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि “ग्राहक हित सर्वोपरि” के सिद्धांत पर बैंक लगातार कार्य करता रहेगा।मुख्य वक्ता शिव देव श्रोती ने बताया कि 01 मई 2025 को भारत सरकार की ‘एक राज्य, एक ग्रामीण बैंक’ योजना के तहत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की स्थापना हुई थी। एकीकरण की चुनौतियों के बावजूद कर्मचारियों के समर्पण और टीम भावना से बैंक ने उल्लेखनीय प्रगति की है।कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विवेक अग्रवाल, प्रियांशु जैन, राजीव कुमार आर्य, राधाबल्लभ सहित कई ग्राहक व कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन संजीव विश्नावत ने किया। सभी ने बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। ईएमएस / 01 मई 2026