फिरोजाबाद(ईएमएस) अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर सुहागनगरी फिरोजाबाद में एक भावुक और अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कांच और चूड़ी उद्योग से जुड़े मजदूरों की समस्याओं को लेकर मजदूर नेता रामदास मानव ने मुंह पर पट्टी बांधकर सत्याग्रह शुरू किया। श्रमिक नेता रामदास मानव ने इस शांतिपूर्ण विरोध के माध्यम से हजारों श्रमिकों के अधिकारों की मांग उठाई और प्रशासन का ध्यान उनकी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रमुख मांगें: वर्ष 1982 के पुराने शासनादेश (संख्या 4590) में संशोधन कर वर्तमान महंगाई के अनुसार नया शासनादेश जारी किया जाए,नया शासनादेश लागू होने तक चूड़ी जुड़ाई मजदूरों की मजदूरी में 50 प्रतिशत की अंतरिम बढ़ोतरी की जाए,श्रमिकों के हित में गठित त्रिपक्षीय कमेटी की सिफारिशों को सख्ती से लागू किया जाए,इस दौरान रामदास मानव ने कहा कि महंगाई के इस दौर में दशकों पुराने शासनादेश के आधार पर मजदूरी देना श्रमिकों के साथ अन्याय है. जब तक नया शासनादेश लागू नहीं होता, तब तक अंतरिम राहत देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि फिरोजाबाद की पहचान बने कांच और चूड़ी उद्योग में काम करने वाले मजदूरों को उनके श्रम का उचित मूल्य मिलना चाहिए। यह सत्याग्रह प्रशासन के लिए एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि अब श्रमिक अपने अधिकारों को लेकर मुखर हो चुके हैं। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय श्रमिकों का भी समर्थन देखने को मिला। श्रमिकों का पारिश्रमिक बढ़ा इधर श्रम विभाग की तरफ से जानकारी दी गयी है कि अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एक मई को श्रमिकों की समस्याओं और उनकी मांगों के निस्तारण हेतु एक महत्वपूर्ण वार्ता संपन्न हुई। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट, फ़िरोज़ाबाद की उपस्थिति में हुई इस वार्ता में श्रमिकों और सेवायोजकों के बीच विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनी। प्रमुख निर्णय और समझौतेः वेतन वृद्धिः लोडिंग श्रमिकों की मांग पर विचार करते हुए उनके वेतन में 30 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। नियमित भुगतानः श्रमिकों के वेतन का भुगतान प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य पर वापसीः वेतन वृद्धि और अन्य शर्तों पर सहमति बनने के उपरांत सभी श्रमिक पुनः कार्य पर लौटने और कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने पर सहमत हुए। औद्योगिक शांतिः दोनों पक्षों ने आपसी समन्वय के साथ औद्योगिक शांति बनाए रखने और भविष्य में भी संवाद के माध्यम से समस्याओं को सुलझाने की प्रतिबद्धता जताई। ए. शर्मा फिरोजाबाद