अगले पांच दिनों तक भारी बारिश और आंधी का अलर्ट नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी कुछ दिनों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए मौसम का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान भारत के लगभग सभी क्षेत्रों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में 2 से 5 मई तक और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में 3 से 7 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान पहाड़ों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में अलग-अलग दिनों पर ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में 7 मई तक छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह दौर 4 से 7 मई के बीच सक्रिय होगा। पूर्वोत्तर भारत में मौसम का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। सिक्किम और पश्चिम बंगाल में भी व्यापक वर्षा की चेतावनी दी गई है। विशेष रूप से बिहार, झारखंड और ओडिशा में 5 मई तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की उम्मीद है। बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 3-4 मई को 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले भीषण तूफान को लेकर लोगों को आगाह किया गया है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी 5 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना के बीच तटीय आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को खराब मौसम में सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। यह प्री-मानसून गतिविधि देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी से राहत तो देगी, लेकिन तेज आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। वीरेंद्र/ईएमएस/02मई 2026 --------------------------------