नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स ने जब 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया होगा, तब शायद उसने यह नहीं सोचा होगा कि उसकी टीम इतना बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद हार जाएगी। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ों, खासकर केएल राहुल और पथुम निसांका की शानदार पारियों ने राजस्थान के इस स्कोर को बौना साबित करते हुए उन्हें एक करारी शिकस्त दी। दिल्ली के खिलाफ हार के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग बेहद निराश नज़र आए और उन्होंने अपनी टीम की गलतियों को स्वीकार करते हुए हार का ठीकरा गेंदबाज़ों पर फोड़ा। पराग ने मैच के बाद बताया कि उनकी टीम से कहाँ गलती हुई जिसकी वजह से उन्हें 10 में से चौथी मैच में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बीच के ओवरों में उनके गेंदबाज़ों ने खूब रन लुटाए और लगभग हर ओवर में बाउंड्री भी दिए, जिससे टीम को हार का सामना करना पड़ा। उनका मानना था कि 200 के आसपास का स्कोर ठीक था, लेकिन बीच के ओवरों में और बेहतर गेंदबाज़ी की जा सकती थी ताकि विपक्षी टीम पर दबाव बनाया जा सके। केएल राहुल (40 गेंद में 75 रन) और पाथुम निसांका (33 गेंद, 62 रन) के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से शिकस्त दी। दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीन हार के बाद मिली इस जीत से आठ अंक लेकर तालिका में छठे स्थान पर पहुँच गई, जबकि राजस्थान रॉयल्स 12 अंक से चौथे स्थान पर कायम है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ रहे राहुल (छह चौके, पांच छक्के) और निसांका (छह चौके, तीन छक्के) के बीच पहले विकेट के लिए 57 गेंद में 110 रन की महत्वपूर्ण भागीदारी हुई। इसके बाद नीतिश राणा ने 17 गेंद में 33 रन की पारी खेली, और फिर ट्रिस्टन स्टब्स (11 गेंद में नाबाद 18 रन) और आशुतोष शर्मा (15 गेंद में नाबाद 25 रन) ने टीम को पांच गेंद रहते तीन विकेट पर 226 रन तक पहुँचाकर ऐतिहासिक जीत दिलाई। यह दिल्ली कैपिटल्स का अपने आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा सफल ‘चेज़’ रहा। मैच के दौरान फील्डिंग करते समय रियान पराग को हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा था, और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल कप्तानी कर रहे थे। अपनी चोट के बारे में पराग ने कहा, ‘उम्मीद है कि यह ज़्यादा गंभीर नहीं है, हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। एक हफ़्ते का ब्रेक लूँगा, फिर सब ठीक हो जाएगा।’ आलोचकों के बारे में पूछे जाने पर रियान पराग भावुक हो गए। उनकी आँखें डबडबा गईं और उन्होंने संक्षिप्त लेकिन मार्मिक टिप्पणी की, ‘आख़िर में, हम मैच हार गए।’ यह बयान उनकी निराशा और दर्द को साफ़ दर्शाता है कि एक बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद हारना कितना निराशाजनक हो सकता है। डेविड/ईएमएस 02 मई 2026