खेल
02-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार बल्लेबाज़ संजू सैमसन ने दो शानदार शतक लगाए हैं, लेकिन इसके बावजूद वह ऑरेंज कैप की रेस में काफ़ी पिछड़ गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पिछले मैच में फ्लॉप रहने के बाद, सैमसन ऑरेंज कैप की दौड़ में शीर्ष-10 बल्लेबाज़ों की सूची से भी बाहर होकर 13वें पायदान पर आ गए हैं। सैमसन कई मैचों में बड़ी और प्रभावशाली पारियाँ तो खेल रहे हैं, लेकिन उनकी निरंतरता की कमी उन्हें शीर्ष पर पहुँचने से रोक रही है। जब उनका बल्ला नहीं चलता तो वह काफ़ी सस्ते में आउट हो जाते हैं, यही कारण है कि वह कुछ ही समय में ऑरेंज कैप की रेस में पिछड़ गए हैं। राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शिफ्ट हुए सैमसन इस सीज़न पहली बार पीली जर्सी में नज़र आए। अभी तक सीएसके के लिए खेले 9 मैचों में उनके बल्ले से 50.67 की औसत और 169.83 के स्ट्राइक रेट के साथ 304 रन निकले हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनके दो शानदार शतक भी शामिल हैं। आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला एक बार फिर मुंबई इंडियंस के खिलाफ है, और इस महत्वपूर्ण मैच में संजू सैमसन की नज़रें एक बार फिर बल्ले से धमाल मचाकर आईपीएल 2026 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले शीर्ष-5 बल्लेबाज़ों में अपनी जगह बनाने पर होगी। फिलहाल सैमसन 304 रनों के साथ 13वें स्थान पर हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल 433 रनों के साथ ऑरेंज कैप की दौड़ में पहले पायदान पर हैं। अगर संजू सैमसन को आज केएल राहुल से ऑरेंज कैप छीनकर नंबर-1 बनना है, तो उन्हें कम से कम 130 रन की एक ऐतिहासिक पारी खेलनी होगी। वहीं, ऑरेंज कैप की रेस में शामिल शीर्ष-5 खिलाड़ियों की लिस्ट में आख़िरी पायदान पर मौजूद विराट कोहली के नाम इस सीज़न 379 रन दर्ज हैं। यदि सैमसन को शीर्ष-5 में अपनी जगह बनानी है, तो आज उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ कम से कम 76 रनों की एक महत्वपूर्ण पारी खेलनी होगी। डेविड/ईएमएस 02 मई 2026