क्षेत्रीय
02-May-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस) जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, एसपी सिटी, अपर जिलाधिकारी विशु राजा तथा विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की तकनीकी और बिलिंग संबंधी समस्याओं का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं, जहां उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहायक अभियंता (AE) और अवर अभियंता (JE) इन कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और सीधे जनसुनवाई करेंगे। साथ ही संबंधित उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को कैंपों के नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों और कोटेदारों को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए, जिससे वे जनता और विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर सकें। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर यदि कोई असामाजिक तत्व जनता के बीच भ्रम या अराजकता फैलाने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मीटर से जुड़ी किसी भी तकनीकी खराबी या बिलिंग समस्या को लंबित न रखा जाए, बल्कि मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि सबसे अधिक शिकायतें टूण्डला क्षेत्र से प्राप्त हो रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और वहां समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। - फिरोजाबाद