राष्ट्रीय
02-May-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी का कारण वैश्विक कारकों को बताया, उन्होंने सरकार के फैसले का बचाव कर कहा कि भारत की एलपीजी की आधी से अधिक मांग आयात से पूरी होती है। केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा, यह एक अंतरराष्ट्रीय समस्या है, और हमारी 50 प्रतिशत से अधिक एलपीजी की निर्भरता आयात पर है। इसकारण वर्तमान में ये समस्या है। केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि जहां केंद्र सरकार ने अन्य ईंधनों की कीमतें अपरिवर्तित रखी हैं, वहीं वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में यह वृद्धि एक ऐसी चीज है, जिस सरकार दवारा टाला नहीं जा सकता था। हालिया बढ़ोतरी के बाद, 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 993 रुपये का इजाफा हुआ है। यह 28 फरवरी के बाद से वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी है, जब ईरान संघर्ष तेज हो गया था। इससे पहले, मार्च में 144 रुपये और 1 अप्रैल को करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। कीमतों में बार-बार होने वाले इन बदलावों का रेस्टोरेंट, खाने-पीने की जगहों और अन्य वाणिज्यिक संस्थानों पर गहरा असर पड़ने की उम्मीद है, जो अपने दैनिक संचालन के लिए एलपीजी पर बहुत अधिक निर्भर करते हैं। उद्योग के जानकारों का अनुमान है कि खाने-पीने के कारोबार से जुड़ी कंपनियां इस अतिरिक्त लागत का बोझ आखिरकार ग्राहकों पर डाल सकती हैं, जिससे आने वाले हफ्तों में बाहर खाना और फूड डिलीवरी सेवाएं और भी महंगी हो सकती हैं। आशीष दुबे / 02 मई 2026