लॉरेंस के गुर्गों ने कहा- मुंबई तक नहीं छोड़ेंगे सरे(ईएमएस)। कनाडा के सरे स्थित मशहूर चाय सुट्टा बार कैफे पर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद अब मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस वारदात के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक डरावनी पोस्ट वायरल हुई है, जिसने कनाडा से लेकर भारत तक सनसनी फैला दी है। खुद को टाइसन बिश्नोई और जोरा सिद्धू बताने वाले एक अकाउंट से दावा किया गया है कि सरे की 120 स्ट्रीट पर हुई गोलीबारी तो सिर्फ एक ट्रेलर थी। सोशल मीडिया पोस्ट में हमलावरों ने कपिल शर्मा को सीधे तौर पर संबोधित करते हुए चेतावनी दी है कि अगर वे उनकी शर्तों पर नहीं आए, तो अगला निशाना उनका मुंबई स्थित घर और कैफे होगा। पोस्ट में लिखा गया है कि सरे में जिस स्थान पर फायरिंग हुई, वह कपिल के कैफे के बेहद करीब है। गैंगस्टर ने आक्रामक लहजे में कपिल को चुनौती देते हुए कहा है कि यदि उनमें हिम्मत है, तो वे ना कहकर दिखाएं, उसके बाद उन्हें अंजाम भुगतना होगा। इस धमकी भरे संदेश ने कपिल शर्मा के प्रशंसकों और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पोस्ट में कई गैंगस्टर्स के नाम और हैशटैग का इस्तेमाल किया गया है, जिससे प्राथमिक संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है। यह सिंडिकेट पहले भी मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों को निशाना बनाने की धमकियां दे चुका है। फिलहाल, इस वायरल पोस्ट की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कनाडाई पुलिस और भारतीय सुरक्षा एजेंसियां इसे बेहद गंभीरता से ले रही हैं। कपिल शर्मा की सुरक्षा को लेकर भी अब नए सिरे से समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस वक्त पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और मामले की जड़ तक पहुंचने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर विदेशी धरती पर सक्रिय गैंगस्टरों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है। वीरेंद्र/ईएमएस/03मई 2026