ट्रेंडिंग
03-May-2026
...


अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट्स पर बढ़ी चिंता, लाल सागर से गुजर रहे जहाजों पर खतरा वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका-ईरान के तनाव के चलते होर्मुज बंद है। वहीं जो जहाज लाल सागर से गुजर रहे हैं उनके ऊपर भी खतरा मंडरा रहा है। यमन के तट के पास एक बार फिर समुद्री लुटेरों का खतरा बढ़ता दिख रहा है। सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने एक तेल टैंकर को हाईजैक कर लिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट्स पर चिंता बढ़ गई है। यह तब हुआ है जब अमेरिकी नेवी अरब सागर में मौजूद है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि सोमाली सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक ‘एमटी यूरेका’ नाम के इस टैंकर को गल्फ ऑफ अदन में हथियारबंद लोगों ने कब्जे में ले लिया। रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे हुआ। टैंकर टोगो के झंडे के तहत चल रहा था और यमन के काना पोर्ट के पास समुद्री लुटेरों ने इसे अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर सोमालिया के पुंटलैंड क्षेत्र के क़ंदाला इलाके से निकले थे और सीधे जहाज पर चढ़कर उसे अपने नियंत्रण में ले लिया। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक हाईजैक के बाद टैंकर अब यमन और सोमालिया के बीच गल्फ ऑफ अदन में आगे बढ़ रहा है और जल्द ही सोमालियाई जलक्षेत्र में लंगर डाल सकता है। इस घटना ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पिछले 10 दिनों में दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 22 अप्रैल को ऑनर 25 नाम के एक और तेल टैंकर को सोमाली समुद्री डाकुओं ने कब्जे में लिया था, जिसमें 18,500 बैरल तेल था और वह मोगादिशु जा रहा था। उसके क्रू में पाकिस्तानी और एक भारतीय भी थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि समुद्री लुटेरों की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक 2011 के बाद सोमालिया में समुद्री डकैती काफी कम हो गई थी, लेकिन 2023 के अंत से इसमें फिर उछाल आया है। इसकी बड़ी वजह यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से लाल सागर और गल्फ ऑफ अदन में जहाजों पर हमले हैं। इन हमलों के चलते अंतरराष्ट्रीय नौसेनाओं का ध्यान हूती खतरे पर चला गया, जिससे सोमाली समुद्री डाकुओं को फिर सक्रिय होने का मौका मिल गया। सिराज/ईएमएस 03मई26