जयपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में कहा कि मानसून पूर्व नालों की सफाई सहित सुव्यवस्थित जल निकासी संबंधी कार्यों को मिशन मोड पर पूरा करें, ताकि बारिश के मौसम में आमजन को जल भराव की स्थिति का सामना नहीं करना पड़े। सीएम ने अधिकारियों को शहरी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने एवं उन्हें समय पर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में सुगम यातायात, स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर जन जागरूकता बढ़ाते हुए सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, सफाई मित्रों की सहभागिता तथा कचरे का नियमित उठाव एवं निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने अधिकारियों को जयपुर में यातायात को सुगम बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा चौराहों को सिग्नल फ्री बनाने, गैर जरूरी रोड कट बंद करने, अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवरेज और ड्रेनेज की परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित शहरी सुविधाएं विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि जयपुर को मॉडल शहर के रूप में विकसित करने के लिए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार विकास परियोजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। बैठक में मुख्यमंत्री ने जयपुर में प्रगतिरत एवं प्रस्तावित सालिग्रामपुरा आरओबी, सिविल लाइंस फाटक आरओबी, गोपालपुरा एलिवेटेड रोड, सांगानेर एलिवेटेड रोड, अरण्य भवन-जगतपुरा रोड, पुरानी चुंगी अंडरपास, राम मंदिर आरओबी, द्रव्यवती एलिवेटेड कॉरिडोर, महल रोड कॉरिडोर, सेक्टर रोड नेटवर्क सहित अन्य प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा की। अशोक शर्मा/ 4:30 बजे/ 3 मई 2026