03-May-2026
...


- 6 साल बाद महिला आयोग में हुई नियुक्ति भोपाल (ईएमएस)। मप्र में लंबे इंतजार के बाद राज्य महिला आयोग को नया नेतृत्व मिल गया है। सरकार ने आयोग के पुनर्गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रेखा यादव को अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही साधना स्थापक को आयोग का सदस्य बनाया गया है, जिनकी नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है। करीब छह साल के अंतराल के बाद आयोग में अध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति होने से इसे महिला सशक्तिकरण के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। बता दें रेखा यादव का नाम महिला आयोग के अध्यक्ष के लिए तय हो गया था, लेकिन उनके नाम को लेकर आपत्ति आने के बाद उसे होल्ड कर दिया गया था। अब सरकार ने उनके नाम पर ही मुहर लगा दी है। प्रदेश में इन दिनों निगम, मंडल, आयोग और विकास प्राधिकरणों में नियुक्तियों का दौर तेज है। अब तक करीब दो दर्जन से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि शेष रिक्त पदों को भी भरने की प्रक्रिया लगातार जारी है। - महिला मुद्दों को मिलेगी नई दिशा महिला आयोग को अध्यक्ष और सदस्य मिलने से प्रदेश में महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई और नीतिगत फैसलों को नई गति मिलेगी। लंबे समय से आयोग में शीर्ष पद खाली होने के कारण कई मामलों में निर्णय प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। बता दें मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष का पद जनवरी 2019 के बाद से स्थायी रूप से नहीं भरा जा सका है। बीच में 2020 में कांग्रेस की सरकार बनने पर शोभा ओझा की नियुक्ति की गई, लेकिन शिवराज सरकार आने के बाद उन्होंने आयोग की सभी को हटा दिया। इसके बाद लंबे समय तक मामला कोर्ट में चला। - 03 मई 26