रायपुर (ईएमएस)। रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र की मोदी सरकार पर महंगाई और आर्थिक नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। श्री बैज ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 410 रुपये से बढ़कर 980 रुपये के पार पहुंच गई है। वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम भी क्रमशः 102 रुपये और 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी, जिससे आम जनता और छोटे व्यवसायों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। श्री बैज ने कहा कि बीते कुछ महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा। आर्थिक असमानता पर चिंता जताते हुए बैज ने ‘ऑक्सफैम’ रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि देश के 5 प्रतिशत अमीरों के पास 60 प्रतिशत से अधिक संपत्ति है, जबकि आधी आबादी के पास मात्र 3 प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में हैं। श्री बैज ने यह भी कहा कि देश पर कुल कर्ज में भारी बढ़ोतरी हुई है और किसानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि किसानों की औसत आय बेहद कम है और उन पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। - 03 मई 2026