रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में रोजगार और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि साय सरकार अपने ढाई साल के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। शुक्ला के अनुसार, कांग्रेस शासनकाल में राज्य की बेरोजगारी दर लगभग 0.60 प्रतिशत थी, जो वर्तमान में बढ़कर 4.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने न केवल नए रोजगार सृजित नहीं किए, बल्कि पहले से काम कर रहे कई वर्गों से रोजगार भी छीन लिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीएड शिक्षक, अतिथि शिक्षक, विद्या मितान, क्रेडा के संविदा कर्मचारी, विद्युत और वन विभाग के कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और रीपा योजना से जुड़े लोगों को काम से वंचित किया गया है। इसके अलावा ई-श्रेणी लाइसेंस के तहत काम कर रहे युवाओं को भी रोजगार से हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं और विभिन्न विभागों में लंबित भर्तियां पूरी नहीं की जा रही हैं। नई भर्ती प्रक्रियाओं में भी प्रगति नहीं होने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। शुक्ला ने भाजपा पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान एक लाख सरकारी नौकरियों और अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का वादा किया गया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया है। - 03 मई 2026