क्षेत्रीय
03-May-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार, शासकीय जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय मंडला द्वारा एक विशेष पहल की गई है। पतंजलि योगपीठ मंडला इकाई के सहयोग से 2 मई 2026 से स्थानीय माहिष्मती घाट पर पांच दिवसीय योग शिविर का उत्साहपूर्वक प्रारंभ किया गया। प्रातः 6:00 बजे से आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को योग के पारंपरिक और वैज्ञानिक महत्व से परिचित कराना है। शिविर का संचालन पतंजलि योगपीठ मंडला इकाई के प्रमुख बाली शर्मा और उनके सहयोगियों—राकेश गुप्ता, संपत श्रीवास, विनोद पटेल, राम गोपाल पटेल, आर पी उपाध्याय सहित अन्य अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस सत्र में मुख्य रूप से अष्टांग योग (यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि) का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही यौगिक सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, शवासन और भ्रामरी प्राणायाम जैसी क्रियाओं के माध्यम से साधकों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि आयुर्वेद और योग का समन्वय मानव के समग्र स्वास्थ्य के लिए अपरिहार्य है। जहाँ आयुर्वेद आहार, जीवनशैली और जड़ी-बूटियों के माध्यम से रोगों का उपचार करता है, वहीं योग प्राणायाम और ध्यान के जरिए मानसिक अनुशासन स्थापित करता है। यह प्राकृतिक मेल बिना किसी दुष्प्रभाव के पुरानी बीमारियों के प्रबंधन में व्यापक समाधान प्रदान करता है। शासकीय जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रियंका धुर्वे, डॉक्टर एकता और दीप चंद्रोल सहित आरती विश्वकर्मा के सहयोग से इस पांच दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया जा रहा है। चिकित्सा अधिकारियों ने आम जनमानस से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस योग शिविर का लाभ उठाएं। शिविर के दौरान उपस्थित जनों को आयुर्वेदिक चिकित्सालय की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और उपचार पद्धतियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। यह प्रयास न केवल मंडला बल्कि विश्व स्तर पर योग के पारंपरिक महत्व को पुनर्स्थापित करने और लोगों को एक स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। - ईएमएस / 03 मई, 2026