मण्डला (ईएमएस)। स्थानीय खिलाडिय़ों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें आधुनिक क्रिकेट की बारीकियों से अवगत कराने के लिए मंडला के महात्मा गांधी स्टेडियम में 15 दिवसीय भव्य क्रिकेट समर कैंप का शुभारंभ हो गया है। जिला क्रिकेट संघ एवं मैकल क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह शिविर 1 मई से 15 मई तक संचालित किया जाएगा। कैंप का विधिवत शुभारंभ इंडोर स्टेडियम में शाम 5.30 बजे मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी शिव कुमार वर्मा एवं जिला खेल अधिकारी विकास जी की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मैकल एसोसिएशन के अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास और अनुशासन पर जोर दिया। बताया गया कि इस शिविर में 8 वर्ष की आयु से लेकर सीनियर वर्ग तक के बालक एवं बालिका खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। खिलाडिय़ों को कुशल प्रशिक्षकों और अनुभवी सीनियर खिलाडिय़ों की निगरानी में तकनीक, फिटनेस और क्रिकेट के आधुनिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के दौरान खिलाडिय़ों के कौशल को परखने के लिए 8 मई से एकदिवसीय मैचों का मैकल कप टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन में चयन समिति के सदस्य इम्तियाज अली, पंकज दुबे, अक्षय चंद्रोल, फैजान और प्रशिक्षक बसंत ठाकुर, सत्यम बर्मन, युवराज यादव, मोहित बर्मन, शैलेन्द्र सहित वरिष्ठ पत्रकार जावेद अली, सिकंदर, प्रशांत पटेल व सत्यप्रकाश दुबे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुधीर उपाध्याय द्वारा किया गया। - ईएमएस / 03 मई, 2026