कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बेहतर प्रदर्शन एवं उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निगमायुक्त के निर्देशानुसार नागरिक सहभागिता को प्राथमिकता देते हुए सिटीजन फीडबैक अभियान को विशेष रूप से गति प्रदान की गई है। इसके लिए वार्डवार विशेष दलों का गठन किया गया है, जो प्रत्येक वार्ड में घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संपर्क स्थापित कर अधिक से अधिक सकारात्मक फीडबैक सुनिश्चित करने के प्रयास कर रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नगर निगम द्वारा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। निगम प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहयोग एवं सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। इसी भावना के साथ नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के सभी मानकों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। नगर निगम कटनी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा सिटीजन फीडबैक में भाग लेकर कटनी शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट स्थान दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। - ईएमएस / 03 मई, 2026