खेल
03-May-2026


:: महाराष्ट्र की बेटियों ने पक्का किया पदक, कड़े संघर्ष के बाद सेमीफाइनल में बनाई जगह :: पुणे (ईएमएस)। बालेवाड़ी इंडोर स्टेडियम, पुणे में खेली जा रही 32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप में महाराष्ट्र की महिला खिलाड़ियों का स्वर्णिम अभियान जारी है। घरेलू माहौल का लाभ उठाते हुए मेजबान खिलाड़ियों ने रविवार को 45+ आयु वर्ग के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में अपना वर्चस्व साबित किया। कड़े संघर्ष के बीच महाराष्ट्र की दो खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है, जहाँ उनका मुकाबला गुजरात और कर्नाटक की चुनौती से होगा। हालांकि अन्य मुकाबलों में देश भर से आए खिलाड़ियों ने भी कड़ी टक्कर दी, लेकिन मेजबान टीम अपना पदक पक्का करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ी है। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सबसे रोमांचक जीत सादिया वंजारा की रही। दिल्ली की प्रीति वत्स के खिलाफ पहला गेम 12-14 से हारने के बाद सादिया ने जबरदस्त मानसिक दृढ़ता दिखाई और अगले तीनों गेम 11-9, 11-2, 11-6 से जीतकर मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। वहीं श्रुति कानडे जोशी ने अपनी ही राज्य की साथी राधिका डोरले को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 11-8, 11-8, 4-11, 13-11 से मात देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। गुजरात की शीतल शाह ने महाराष्ट्र की सारिका वारडे को और कर्नाटक की अंजना राव ने शमा पटनी अधिकारी को सीधे गेमों में हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। :: पुरुषों के मैराथन मुकाबलों ने बढ़ाया रोमांच :: पुरुषों के 40+ सिंगल्स राउंड-64 में रविवार को मैराथन मैचों का दौर चला जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। तेलंगाना के राजा सुरेड्डी ने गोवा के संदीप डीमेलो को पांच गेम तक चले कड़े मुकाबले में 3-2 से पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसी तरह दिल्ली के सुमित नागपाल ने हरियाणा के विनय यादव को और एवगेनी सापोशनिकोव ने महाराष्ट्र के सूरज नारायण को 3-2 की रोमांचक जीत के साथ शिकस्त दी। मध्य प्रदेश के कुणाल गजभिए ने भी अपनी क्लास दिखाते हुए महाराष्ट्र के नरेंद्र सन्नाभारती को पांच गेमों के संघर्ष में पराजित कर राउंड-32 में अपनी जगह सुरक्षित की। :: आज होगा खिताबी फैसला :: प्रतियोगिता अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँच गई है और सोमवार का दिन खिताबी फैसलों के नाम रहेगा। आज महिलाओं के 40+, 50+ और 55+ वर्ग के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसी के साथ सभी श्रेणियों के प्री-क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक के निर्णायक मैच आज ही संपन्न होंगे। आयोजन समिति के अनुसार समापन दिवस पर शेड्यूल काफी व्यस्त रहेगा, जहाँ शुरुआती दौर के मैचों के तुरंत बाद फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे देश के नए मास्टर चैंपियंस के नाम तय होंगे। प्रकाश/03 मई 2026