क्षेत्रीय
03-May-2026
...


भोपाल (ईएमएस) । श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, अयोध्यानगर में 26 अप्रैल से 3 मई 2026 तक सात दिवसीय “श्रमण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर–2026” का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। यह शिविर प्रति वर्ष की भांति अयोध्या नगर जैन मंदिर में आयोजित किया गया, जिसमें बालक-बालिकाओं के साथ-साथ श्रावक-श्राविकाओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर का आयोजन दिगम्बर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के पावन मार्गदर्शन में एवं आदरणीय पंकज जी शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों को बालबोध, छहढाला एवं भक्तामर स्तोत्र जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक विषयों पर विशेष कक्षाओं के माध्यम से ज्ञान प्रदान किया गया। शिविर का उद्देश्य नन्हे बालक-बालिकाओं को जैन धर्म के सिद्धांतों से जोड़ते हुए उनके जीवन में संस्कार, अनुशासन एवं आत्मिक शांति का विकास करना रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात किया। शिविर के समापन पर दिनांक 3 मई 2026 को परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अपनी सीख का प्रदर्शन किया। यह आयोजन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जो धर्म, अध्यात्म एवं संस्कृति के प्रसार हेतु समर्पित एक प्रमुख केंद्र है। संस्थान प्रतिवर्ष सैकड़ों विद्यार्थियों को धर्म प्रभावना, शास्त्र अध्ययन एवं समाज सेवा की शिक्षा प्रदान करता है। शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सुसंस्कृत जीवनशैली के निर्माण हेतु विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर श्री जयदीप जी शास्त्री (वास्तुविद) ने भोपाल शहर शिविर प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल, संस्कारवान एवं धर्ममय भविष्य की मंगल कामना की गई। ईएमएस/, 3 मई 2026