07-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में इंस्टाग्राम पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपनी कुछ नई तस्वीरें साझा कीं, जिनके साथ लिखा गया उनका खास संदेश इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनके प्रेरणादायक विचारों को भी खूब पसंद कर रहे हैं। सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक सीरीज पोस्ट की, जिसमें वह काले रंग की टी-शर्ट और क्लासिक ब्लैक फेडोरा हैट में नजर आ रहे हैं। उनके इस स्टाइलिश अंदाज को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। हालांकि तस्वीरों से ज्यादा लोगों का ध्यान उनके कैप्शन ने खींचा। अभिनेता ने अपने पोस्ट में लिखा, “सोच लो, समझ लो, खुद को स्पष्ट कर लो, फैसला ले लो और फिर सब भूलकर आगे बढ़ जाओ। और टोपी से याद आया, टोपी खुद पहनो, किसी को पहनाओ नहीं और न किसी को खुद को पहनाने दो।” सलमान खान के इस संदेश को सोशल मीडिया पर ईमानदारी और आत्मविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है। ‘टोपी’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने संकेत दिया कि इंसान को न तो किसी को धोखा देना चाहिए और न ही किसी के बहकावे में आना चाहिए। उनके इस अंदाज को लोगों ने काफी पसंद किया और कई यूजर्स ने इसे जीवन के लिए जरूरी सीख बताया। पोस्ट सामने आने के बाद फैंस ने कमेंट सेक्शन में जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि सलमान खान की तस्वीरें देखकर उसका रविवार खास बन गया। वहीं दूसरे यूजर ने अभिनेता को बेहद फिट और हैंडसम बताया। कई प्रशंसकों ने उन्हें अपना आइडल बताते हुए कहा कि वह हमेशा सलमान खान से प्रेरणा लेते रहेंगे। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि आखिर कोई इतना हैंडसम कैसे हो सकता है। सलमान खान की सोशल मीडिया पोस्ट अक्सर चर्चा में रहती हैं और फैंस उनके हर अंदाज को खूब पसंद करते हैं। अभिनेता अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी बेबाक सोच और स्टाइल की वजह से भी सुर्खियों में बने रहते हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म मातृभूमि मे वॉर रेस्ट इन पीस की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फिल्म में अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह सलमान खान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। सुदामा/ईएमएस 07 मई 2026