फॉक्सक्रॉफ्ट को पहली बार मिला अवसर ऑकलैंड (ईएमएस)। तेज गेंदबाज काइल जैमीसन और विल ओरूर्के की ऑयरलैंड ओर और इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम में वापसी हुई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के अनुसार आयरलैंड के खिलाफ टीम एक टेस्ट मैच और इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इसके लिए 19 सदस्यीय टीम घोषित की गयी है। टॉम लैथम दोनों सीरीज में न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि टॉम ब्लंडेल विकेटकीपर होंगे। इस टीम में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के अनकैप्ड ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को पहली बार शामिल किया गया है। आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र चार य टेस्ट इसी महीने की 27 तारीख से खेला जाएगा। चयन समिति ने इंग्लैंड के हालातों का देखते हुए इस दौरे के लिए तेज गेंदबाजी आक्रमण पर जोर दिया है। इसी कारण मैट हेनरी, ज़ैक फ़ॉल्केस, नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर को भी तेज गेंदबाजों के दल में जगह मिली है। माइकल रे और अनकैप्ड क्रिस्टियन क्लार्क केवल आयरलैंड के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध होंगे, जबकि बेन सियर्स इंग्लैंड दौरे के लिए ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर टीम के साथ जाएंगे। वहीं काइल जैमीसन फरवरी 2024 के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे। जैमीसन पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वे दो साल से अधिक समय तक इस फॉर्मेट से बाहर रहे थे। टेस्ट क्रिकेट में उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है, उन्होंने 19 टेस्ट मैचों में 19 की औसत से 80 विकेट लिए हैं। 24 वर्षीय विल ओरूर्के भी चोट के कारण पिछले आठ महीने से टेस्ट टीम से बाहर थे और उन्होंने 11 टेस्ट में 39 विकेट लिए हैं। टीम में एकमात्र अनकैप्ड खिलाड़ी डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने प्लंकेट शील्ड में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और बांग्लादेश में हाल के प्रदर्शन से प्रभावित किया, जिससे उन्हें यह मौका मिला। टीम के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा है कि टीम काफी अच्छी है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन का भरोसा है। । डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र और केन विलियमसन जैसे प्रमुख खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। विल यंग को सिर्फ आयरलैंड टेस्ट के लिए चुना गया है, जबकि डेरिल मिचेल के पाकिस्तान सुपर लीग में लगी पिंडली की चोट से फिट होने की उम्मीद है। जैकब डफी को पहली बार पिता बनने के कारण छुट्टी दी गई है, जबकि माइकल ब्रैसवेल ने व्हाइट बॉल क्रिकेट को प्राथमिकता दी है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आईपीएल में शामिल खिलाड़ी तब तक अपनी-अपनी टीमों के साथ रहेंगे जब तक उनकी टीमें लीग में बनी रहेंगी। गिरजा/ईएमएस 08 मई 2026