सीतामढ़ी, (ईएमएस)। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद सीमाई क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। इसी क्रम में बिहार के सीतामढ़ी जिले के भिट्ठामोड़ स्थित सीमा क्षेत्र में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस परियोजना का निर्माण लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा कराया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आईसीपी बनने के बाद कस्टम, इमिग्रेशन, एसएसबी, पुलिस, स्वास्थ्य जांच, माल जांच और परिवहन विभाग जैसी सभी प्रमुख एजेंसियां एक ही परिसर में कार्य करेंगी। इससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और सीमाई गतिविधियों की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगी। प्रशासन का मानना है कि इस आधुनिक चेक पोस्ट के शुरू होने से तस्करी, अवैध आवाजाही और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही व्यापारियों और यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। माल जांच और क्लीयरेंस की प्रक्रिया आसान होगी तथा यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि यह परियोजना सीमा सुरक्षा के साथ-साथ व्यापार और प्रशासनिक व्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। संतोष झा- ०८ मई/२०२६/ईएमएस