नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले में साइबर ठगी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि यह गिरोह टेलीग्राम के जरिए संगठित तरीके से ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहा था। डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को गीता कालोनी स्थित एक होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर छापेमारी की गई, जहां से अलग-अलग राज्यों के 12 आरोपितों को पकड़ा गया। पूछताछ और जांच के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया गया, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 हो गई। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित इंटरनेट मीडिया और नौकरी पोर्टल के जरिए लोगों को फर्जी नौकरी, घर से काम और अधिक वेतन का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर ले जाकर पंजीकरण शुल्क, सुरक्षा जमा और अन्य बहानों से पैसे वसूले जाते थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ मई/2026