राज्य
08-May-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के 71वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह का आयोजन 8 मई, 2026 को मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण ऑडिटोरियम में किया गया। यह पुरस्कार समारोह प्रतिवर्ष पश्चिम रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे रामाश्रय पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि रेल सप्ताह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में मंडलों एवं इकाइयों को दक्षता शील्डें प्रदान की गईं, जिन्हें वर्ष 2025-26 में विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला पाया गया। पश्चिम रेलवे ने भारतीय रेलवे में ट्रेनों की समयपालनता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 71वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह में अहमदाबाद मंडल ने अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि इस गरिमामयी आयोजन में मंडल ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 07 दक्षता शील्ड्स अपने नाम कीं, जो न केवल इसके परिचालन कौशल को दर्शाती हैं बल्कि पश्चिम रेलवे के भीतर इसकी श्रेष्ठ कार्य संस्कृति को भी प्रमाणित करती हैं। इस सफलता की सबसे विशिष्ट कड़ी पश्चिम रेलवे की पहली जनसंपर्क शील्ड रही, जिसे जीतकर अहमदाबाद मंडल ने जन-संवाद और सूचना प्रसार के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित किया है। मंडल की इस बहुमुखी सफलता में तकनीकी और परिचालन क्षेत्रों का भी विशेष योगदान रहा। विशेष रूप से कांकरिया डिपो को नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के उत्कृष्ट रखरखाव के लिए मेकेनिकल बेस्ट मेंटेंड (मेल/एक्सप्रेस) ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार, पालनपुर रनिंग रूम को उसके उच्च स्तरीय स्वच्छता मानकों और रेलकर्मियों के लिए उपलब्ध कराई गई उत्कृष्ट सुविधाओं हेतु बेस्ट मेंटेंड रनिंग रूम शील्ड प्रदान की गई। मंडल की सामूहिक कार्यक्षमता का प्रदर्शन उन पुरस्कारों में भी दिखा जो अन्य मंडलों के साथ साझा किए गए। सिविल इंजीनियरिंग शील्ड को वडोदरा मंडल के साथ, जबकि रोलिंग स्टॉक शील्ड को मुंबई सेंट्रल मंडल के साथ साझा किया गया। परिचालन और माल ढुलाई के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत रखते हुए अहमदाबाद मंडल ने ऑपरेटिंग शील्ड और बेस्ट लोडिंग एफर्ट शील्ड को रतलाम मंडल के साथ संयुक्त रूप से प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सर्वे एवं कंस्ट्रक्शन शील्ड को उप मुख्य इंजीनियर-I (निर्माण), अहमदाबाद द्वारा रतलाम के साथ साझा रूप से प्राप्त किया गया, जो मंडल के विस्तारवादी दृष्टिकोण और टीम वर्क की भावना को पुख्ता करता है। इस गौरवशाली अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजू मीणा ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों और समर्पण को दिया। उन्होंने रेखांकित किया कि अहमदाबाद मंडल का प्राथमिक ध्येय सदैव यात्री सुरक्षा को सर्वोपरि रखना और यात्रा के अनुभव को सुखद बनाने के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी कार्य निष्पादन के इन उच्च मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया। - 08 मई