क्षेत्रीय
08-May-2026


नर्मदापुरम(ईएमएस)। जिले में अप्रैल माह से नए शराब ठेके होने के बाद नए ठेकेदारों की एंट्री के बाद शराब दुकानों पर ओवर चार्जिंग अधिक मूल्य वसूली की शिकायतें सामने आने लगी हैं। शराब दुकानों पर ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा एमआरपी से अधिक राशि ग्राहकों से वसूल की जा रही है। जिसको लेकर वीडियो भी सामने आने लगे हैं। इस पूरे गंभीर विषय को लेकर शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से वरिष्ठ पत्रकार राजीव अग्रवाल द्वारा शराब दुकानों पर ओवरचार्जिंग का विषय उठाते हुए सवाल किया गया। जिस पर प्रभारी मंत्री राकेश सिंह द्वारा कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए हैं। इस दौरान प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को मीडिया ने अवगत कराया कि जिले में पुलिस द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी जा रही है परंतु अभी तक पकड़ी गई शराब किस ठेकेदार की है? इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। वही आबकारी विभाग द्वारा ऐसी कोई बड़ी कार्यवाही सामने नहीं आ पा रही है। इसी प्रकार शराब की गुणवत्ता को लेकर सैंपलिंग का विषय भी उठाया गया कि अभी तक शराब की सैंपलिंग नहीं कराई जा रही है। साथ ही ओवरचार्जिंग के विषय को भी संज्ञान लिया जाए। वहीं उक्त विषय को लेकर सहायक जिला आबकारी अधिकारी राहुल ढोके ने बताया कि शराब दुकानों पर कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से ओवरचार्जिंग किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। जिस पर विभाग कार्यवाही कर रहा है। अप्रैल माह में 8 से 10 कार्रवाइयों की गई है। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 08 मई 2026