उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर के सरकारी मध्यवर्ती अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तोड़फोड़ कर डॉक्टर व कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के मामले में मध्यवर्ती पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आपको बता दें कि 6 मई की रात करीब 2 बजे से 2.30 बजे के बीच मध्यवर्ती अस्पताल के दुर्घटना विभाग में यह घटना हुई। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा अधिकारी डॉ. ममता श्यामलाल पाण्डेय ने मध्यवर्ती पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि म्हारल गांव निवासी आशा लिंबोरे, उनका बड़ा बेटा मंगेश लिंबोरे तथा छोटा बेटा शुभम लिंबोरे अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना विभाग में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। इस दौरान अस्पताल की एक लाख रुपये से अधिक की चिकित्सा सामग्री को नुकसान पहुंचाया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने अस्पताल कर्मचारियों के साथ गाली गलोच की और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को धमकाया। मध्यवर्ती पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र वैद्यकीय सेवा व्यक्ति और वैद्यकीय सेवा संस्था (हिंसा एवं नुकसान प्रतिबंध) अधिनियम 2010 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जाँच पुलिस उपनिरीक्षक अजिंक्य धोंडे कर रहे हैं। संतोष झा- ०८ मई/२०२६/ईएमएस