बालाघाट (ईएमएस). 6 मप्र बटालियन एनसीसी बालाघाट द्वारा आयोजित दस दिवसीय 95 वां संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-95) का शुभारंभ बुधवार को गोंगलई में किया गया। कैम्प कमाण्डेन्ट लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता ने ओपनिंग एड्रेस में कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कैडेट्स एकता और अनुशासन के सिद्धांतों का पालन करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कैडेट्स को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर भविष्य निर्माण हेतु अथक परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि एनसीसी प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जिम्मेदार और होनहार नागरिक तैयार करता है। शिविर के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, चरित्र निर्माण एवं मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल अभ्यास कराया गया तथा फायरिंग में जाने वाले कैडेट्स को प्रारंभिक शस्त्र प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी दी गई। वहीं संगीत में रुचि रखने वाले कैडेट्स को गिटार प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त नियमित एनसीसी कक्षाओं का संचालन भी किया गया। कार्यक्रम में द्वितीय एनसीसी अधिकारी कल्पना थोंबरे, द्वितीय एनसीसी अधिकारी नवीता मैथ्यु, हवलदार किरण कुमार एवं हवलदार रामदेव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 08 मई 2026