खेल
09-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अपनी धारदार गेंदबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने जिस तरह से मैच का रुख पलटा, उसने क्रिकेट विशेषज्ञों को भी प्रभावित कर दिया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायुडू ने तो यहां तक कह दिया कि प्रिंस यादव जल्द ही भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आ सकते हैं। रायुडू ने उनके प्रदर्शन को बेहद खास बताते हुए कहा कि इस युवा गेंदबाज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की पूरी क्षमता दिखाई देती है। अंबाती रायुडू ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रिंस यादव का आत्मविश्वास और गेंदबाजी का तरीका उन्हें बाकी युवा गेंदबाजों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रिंस का रन-अप देखकर ही समझ आता है कि वह बल्लेबाज पर दबाव बनाने के इरादे से गेंदबाजी करते हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह लगातार स्टंप लाइन पर गेंद डालते हैं और बल्लेबाजों को गलती करने के लिए मजबूर कर देते हैं। रायुडू ने खास तौर पर विराट कोहली को आउट करने वाली गेंद की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह गेंद टूर्नामेंट की सबसे शानदार गेंदों में से एक थी। गेंद आखिरी समय में जिस तरह अंदर की ओर स्विंग हुई और सीधे स्टंप्स से टकराई, उसे खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए मुश्किल था। रायुडू ने कहा कि दुनिया का कोई भी बल्लेबाज उस गेंद पर संघर्ष करता। उन्होंने यह भी कहा कि विराट कोहली जैसे बड़े बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड करना किसी युवा गेंदबाज के लिए बेहद खास उपलब्धि होती है। मुकाबले में प्रिंस यादव ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन अहम विकेट अपने नाम किए। उन्होंने विराट कोहली के अलावा देवदत्त पडिक्कल और जितेश शर्मा को भी पवेलियन भेजा। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुकाबला 9 रन से जीत लिया। इस जीत में प्रिंस का स्पेल निर्णायक साबित हुआ। आईपीएल 2026 में प्रिंस यादव लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक 10 पारियों में वह 16 विकेट ले चुके हैं और पर्पल कैप की दौड़ में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि अगर उनका यही प्रदर्शन जारी रहा तो चयनकर्ताओं की नजर जल्द ही उन पर टिक सकती है और उन्हें भारतीय टीम में मौका मिल सकता है। डेविड/ईएमएस 09 मई 2026