मुंबई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अब टेलीविजन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। शुक्रवार को उनके टीवी डेब्यू का एक शानदार टीजर जारी किया गया, जिसमें ‘हिटमैन’ नए अंदाज में नजर आए। हालांकि शो का नाम और बाकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बताया गया है कि इससे जुड़ी पूरी घोषणा जल्द ही सोनी ग्रुप कारपोर्रेशन के प्लेटफॉर्म पर की जाएगी। इस समय रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 में खेल रहे हैं और शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अब तक पांच मैचों में 55.25 की औसत और 174 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 221 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा है। साल 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले रोहित शर्मा आज भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अब तक 508 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 42.33 की औसत से 20,109 रन बनाए हैं। उनके नाम 50 शतक और 111 अर्धशतक दर्ज हैं। रोहित ने भारत को दो आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और दो टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई है। इनमें से एक-एक खिताब उन्होंने कप्तान के रूप में दिलाया। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 159 मैचों में 4,231 रन बनाए, जिसमें पांच शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं। 2024 में टी20 विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। रोहित का टेस्ट और वनडे रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 4,301 रन बनाए, जिसमें 12 शतक शामिल हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में उनके नाम 282 मैचों में 11,577 रन दर्ज हैं। रोहित वनडे इतिहास के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने तीन दोहरे शतक लगाए हैं। उनका 264 रन का व्यक्तिगत स्कोर आज भी वनडे क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर है। आईपीएल में भी रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वह लीग इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने 277 मैचों में 7,267 रन बनाए हैं। कप्तान के तौर पर उन्होंने मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया है। मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के अलावा रोहित शर्मा अपने मजाकिया अंदाज और बेबाक टिप्पणियों के लिए भी काफी लोकप्रिय हैं। स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई उनकी कई बातें सोशल मीडिया पर वायरल होती रही हैं, जिसके चलते वह क्रिकेट के साथ-साथ ‘मीम मटीरियल’ के रूप में भी फैंस के बीच बेहद चर्चित रहते हैं। डेविड/ईएमएस 09 मई 2026