कोलकाता,(ईएमएस)। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के सीएम पद की शपथ ली। शनिवार को शपथ ग्रहण के बाद जब शुभेंदु सभी नेताओं से मुलाकात कर रहे थे, तब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना गमछा उतारकर उन्हें पहना दिया। योगी की ओर से दिया गया यह भगवा गमछा एक खास तोहफा माना जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में किया गया था। इस समारोह पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई बीजेपी राज्यों के सीएम शामिल हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। शुभेंदु ने मंच पर मौजूद सभी नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की और सभी ने उन्हें बधाई दी। वहीं, जब वह योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे, तो योगी ने अपना गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। बता दें बंगाल की राजनीति में शुभेंदु अधिकारी एक बेहद दिलचस्प और चर्चित नाम हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह उनका राजनीतिक सफर है, जिसकी शुरुआत नंदीग्राम से हुई थी। शुभेंदु अधिकारी पहले कांग्रेस में थे, फिर टीएमसी में आए और उसके बाद बीजेपी में शामिल हो गए। इस सफर के साथ आज वो पश्चिम बंगाल के सीएम पद तक पहुंच गए हैं। सिराज/ईएमएस 09मई26 -------------------------------