केजरीवाल ने पीएम मोदी की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से की नई दिल्ली,(ईएमएस)। पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भड़क उठे। केजरीवाल ने कहा कि बंगाल में चुनाव खत्म होते ही पंजाब में हर दिन ईडी की छापेमारी शुरू हो गई है। उन्होंने पिछले दिनों ईडी की छापेमारी के बाद सांसद अशोक मित्तल के बीजेपी में चले जाने का भी जिक्र किया। साथ ही पीएम मोदी की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से कर डाली। शनिवार सुबह संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ से दिल्ली तक के ठिकानों पर एक साथ ई़डी की टीमें पहुंचीं। आप ने इसे पंजाब चुनावों से जोड़ते हुए केंद्र सरकार पर जोरदार हमला किया। खुद केजरीवाल ने कहा कि जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, मोदीजी ने पंजाब में रोज ईडी ने छापा मारना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ सालों में मोदीजी ने पंजाब के साथ बहुत धोखा किया है। पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है। केजरीवाल ने आगे कहा कि पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। उन्होंने राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के साथ आप छोड़कर बीजेपी में गए राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल का भी जिक्र किया। केजरीवाल ने कहा कि अशोक मित्तल के यहां रेड हुई, अगले दिन उनको बीजेपी में शामिल करवा लिया। इसका मतलब ईडी की रेड का मकसद चोरी का पैसा ढूंढ़ना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई। वो बीजेपी में शामिल नहीं हुए तो उनके यहां फिर से रेड करवा दी। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगजेब ने देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया। मोदीजी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। मोदीजी अब पंजाब पहुंचे हैं। औरंगजेब ने गुरुओं पर बहुत अत्याचार किए। मोदीजी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं, लेकिन गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगजेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदीजी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा। सिराज/ईएमएस 09मई26