बिलासपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर निगम क्षेत्र में भी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम के जोन क्रमांक 6 अंतर्गत वार्ड 38, 39 और 41 के लिए गुजराती समाज भवन टिकरापारा में शिविर लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांग लेकर पहुंचे। शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 106 आवेदन मांग से संबंधित रहे, जबकि 9 आवेदन शिकायत और समस्याओं से जुड़े थे। शिविर में निगम अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। - समस्याओं के समाधान करने के निर्देश निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सुशासन तिहार 2026 का आयोजन प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। - 11 मई को जोन 7 में लगेगा शिविर विकास कार्यों में तेजी लाने और आम जनता, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों से संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार सुशासन तिहार के तहत अगला शिविर 11 मई को जोन क्रमांक 7 अंतर्गत वार्ड 47, 48, 51 और 52 के लिए हरश्रृंगार सामुदायिक भवन, राजकिशोर नगर में आयोजित किया जाएगा। - 09 मई 2026