भिंड ( ईएमएस ) | म.प्र. शासन पशुपालन एवं डेयरी विभाग की चिन्हित नवाचार योजना क्षीर धारा ग्राम योजना के अन्तर्गत, इन ग्रामों में नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य, पशु पोषण को आधार बनाकर दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करके इन ग्रामों को मॉडल ग्राम में विकसित किया जाना है। भिण्ड जिले में भी क्षीर धारा ग्राम योजना के अन्तर्गत 06 विकासखण्डों में 85 ग्रामों का चयन किया गया है। योजना के लिये प्रत्येक ग्राम के लिये सर्वेयर नियुक्त किया गया है। योजना के प्रारंभ में इन ग्रामों का आधारभूत सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके पश्चात इन ग्रामों में बांझ निवारण पशु स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी है। दिनांक 08 मई 2026 को विकासखण्ड मेहगांव के ग्राम सायना में, विकासखण्ड गोहद के ग्राम गुरीखा में, विकासखण्ड भिण्ड के ग्राम मुडियाखेडा एवं दबोहा में, विकासखण्ड रौन के ग्राम कौंध में एवं विकासखण्ड अटेर के ग्राम बढ़पुरा में शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में पशु उपचार, बधियाकरण, औषधि वितरण कार्य के साथ मादा पशुओं में गर्भ परीक्षण, प्रजनन संबंधी जांच एवं उपचार तथा किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अभी तक जिले में 85 ग्रामों में से 52 ग्रामों में शिविर का अयोजन किया जा चुका है, शेष ग्रामों में भी आगामी सप्ताहों में पूर्ण कर लिये जाएंगे।