क्षेत्रीय
09-May-2026
...


- हथियार और शराब के साथ निकला जुलूस गुना (ईएमएस)। जिले की आरोन थाना पुलिस ने क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन चुकी पानीपत गैंग के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गैंग के सरगना विशाल उर्फ हर्ष कुमार राजपूत को अवैध हथियारों, जिंदा कारतूसों और भारी मात्रा में कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को नगर के प्रमुख मार्गों से उसका पैदल जुलूस भी निकाला, ताकि अपराधियों के मन में खौफ और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा हो सके। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी एसपी श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत 8 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लेकर राघौगढ़ की ओर से आ रहा है। एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह सिकरवार की टीम ने भोड़नी गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसकी बाइक फिसल गई और टीम ने उसे धर दबोचा। हथियार, शराब और चोरी की बाइक बरामद तलाशी के दौरान 19 वर्षीय विशाल राजपूत के पास से 315 बोर का एक लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। साथ ही दो कैनों में भरी 60 लीटर कच्ची शराब और विदिशा जिले के उनारसी से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। दहशत फैलाना था गैंग का मकसद पुलिस के अनुसार, यह आरोपी पानीपत गैंग का नेतृत्व कर रहा था, जिसमें 17 से 22 वर्ष के युवा शामिल हैं। यह गैंग अवैध वसूली, रंगदारी, जमीन पर कब्जा और हवाई फायरिंग जैसी गतिविधियों में लिप्त है। खौफ पैदा करने के लिए ये लोग मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी करते थे। आरोपी पर पहले से ही छेड़छाड़, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफलता में थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह सिकरवार, उपनिरीक्षक रविनंदन शर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। -सीताराम नाटानी