क्षेत्रीय
09-May-2026
...


- जनगणना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों का सम्मान, बिलासपुर पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर - 100 प्रतिशत एचएलबी में शुरू हुआ कार्य, 18 प्रतिशत ब्लॉकों में सर्वे पूरा बिलासपुर (ईएमएस)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य में जिला प्रदेशभर में अग्रणी बनकर उभरा है। जिले ने जनगणना कार्य में पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर जिले में 100 प्रतिशत हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि लगभग 18 प्रतिशत एचएलबी में सर्वे कार्य पूर्ण भी कर लिया गया है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं आवास गणना’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों को शुक्रवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सम्मानित किया। मंथन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी 26 जनगणना चार्ज से बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम सह जिला जनगणना अधिकारी शिव कुमार बनर्जी, सहायक जिला जनगणना अधिकारी झील जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में उन कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने बेहद कम समय में अधिक से अधिक मकानों का सूचीकरण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। - मल्हार नगर पंचायत ने रचा रिकॉर्ड नगर पंचायत मल्हार के सीएमओ अनुभव सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में मल्हार नगर पंचायत के सभी 22 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का कार्य मात्र पांच दिनों में 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया। इसे प्रदेश में सबसे तेज और उत्कृष्ट कार्यों में शामिल माना जा रहा है। वहीं बिलासपुर तहसीलदार प्रकाश चंद्र साहू के नेतृत्व में तहसील स्तर पर भी शानदार प्रगति दर्ज की गई है। बिलासपुर तहसील में लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे यह पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। - पांच दिन में सैकड़ों मकानों का सर्वे सम्मानित प्रगणकों में नगर पंचायत बोदरी के आशुतोष पांडे ने 329 मकानों का सूचीकरण कर सबसे अधिक कार्य करने वालों में जगह बनाई। इसके अलावा तहसील सकरी के संदीप ठाकुर ने 272, बेलतरा के गोपीचंद राज ने 266, सीपत के तरुण जायसवाल ने 262, बिलासपुर तहसील की आशा डेहरिया ने 278 और आशीष पांडे ने 249 मकानों का सर्वे पूर्ण किया। इसी तरह मस्तूरी, पचपेड़ी, रतनपुर, तखतपुर, बिल्हा, बोदरी और नगर निगम के विभिन्न जोनों में भी प्रगणकों ने तेजी से कार्य कर प्रशासन की सराहना हासिल की। - दिव्यांग कर्मचारी की इच्छाशक्ति बनी प्रेरणा कार्यक्रम में सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण उस समय आया जब जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के सहायक सांख्यिकी अधिकारी दीपक कुमार तिवारी को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) होने के बावजूद उन्होंने स्वयं जनगणना कार्य में ड्यूटी लगाने का आग्रह किया और नगर निगम जोन क्रमांक-1 में पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और उत्साह से निभाई। कलेक्टर ने उनके जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इच्छाशक्ति सामान्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा है। - महिला कर्मचारियों ने भी छोड़ी छाप महिला कर्मचारियों में गंगोत्री साहू के कार्यों की विशेष प्रशंसा की गई। अधिकारियों के अनुसार उन्होंने बेहद व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से सर्वे कार्य को अंजाम दिया। उन्हें जिले की सबसे बेहतर कार्य करने वाली महिला कर्मचारी के रूप में सराहा गया। - घर-घर पहुंच रही जनगणना टीम प्रशासन के अनुसार जिले के सभी 26 जनगणना चार्ज में टीमें लगातार घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित कर रही हैं। आधुनिक मोबाइल एप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से डेटा एंट्री का कार्य तेजी से हो रहा है। - 09 मई 2026