कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग पर कोयले से भरा एक ट्रैलर अनियंत्रित होकर एक बाइक पर पलट गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनके दो पोते घायल हो गए। मृतका की पहचान बालकुंवर (62) के रूप में की गयी हैं, जो पसान के ग्राम धनरास निवासी बताई जा रही हैं। वह अपने दो पोतों के साथ बाइक से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग की घाटी में पीछे से आ रहे ट्रैलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैलर पलटते ही बाइक सवार तीनों लोग ट्रैलर में भरे कोयले के ढेर में दब गए। एक पोता कोयले में पूरी तरह दब गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद की और कोयले में दबे युवक को बाहर निकाला। हालांकि, बुजुर्ग बालकुंवर की कोयले में दबने से घटना स्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। उनके दोनों पोतों को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। - दूसरे वाहन की मदद से बिखरे कोयले को हटाकर यातायात किया गया बहाल हादसे के बाद सड़क पर बिखरे कोयले को दूसरे वाहन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया। मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और उनकी मौत की खबर सुनकर शोक में डूब गए। ग्रामीणों ने बताया कि लैंगा-जटगा मार्ग की घाटी में अक्सर भारी वाहन हादसों का कारण बनते हैं। स्थानीय लोगों ने कोयला परिवहन में लगे ट्रेलरों की बेलगाम गति पर चिंता व्यक्त कर प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण तथा सुरक्षा उपाय बढ़ाने मांग की है। पुलिस ने ट्रैलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। - 09 मई