क्षेत्रीय
09-May-2026


मंडला (ईएमएस)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन तथा 148वीं बटालियन सीआरपीएफ के विशेष सहयोग से 8 मई को सीआरपीएफ जवानों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी स्क्रीनिंग, टीबी जांच एवं जनजागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया। स्वास्थ्य शिविर में सीआरपीएफ जवानों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा संभावित टीबी मरीजों की जांच ट्रूनॉट मशीन एवं हैंड हेल्ड चेस्ट एक्स-रे मशीन के माध्यम से की गई। साथ ही उपस्थित जवानों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी देते हुए काउंसिलिंग भी की गई। जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर द्वारा जवानों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में टीबी उन्मूलन को लेकर आईईसी गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता भी फैलाई गई। कार्यक्रम में 148वीं बटालियन सीआरपीएफ से कमांडेंट श्री विक्रांत सारंगपानी, डिप्टी कमांडेंट श्री मनोरंजन कुमार, फार्मासिस्ट श्री अंकित कुमार एवं श्री देवेन्द्र सेन उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण उइके, डीपीसी श्री गौरव साहू, एसटीएस श्री मुकुल तुमराम, एसटीएलएस श्री आलोक रंजन अवधवाल, रेडियोग्राफर श्री राघवेन्द्र भलावी, लैब टेक्नीशियन श्री गिरिजाशंकर नागवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ईएमएस / 09/05/2026