दतिया ( ईएमएस ) | जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, दतिया द्वारा संचालित जिला संग्रहालय में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। हाल ही में किए गए सर्वेक्षण एवं अभिलेखीय कार्य के दौरान संग्रहालय में कुल 1124 प्राचीन पांडुलिपियाँ खोजी गई हैं, जो क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाती हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये पांडुलिपियाँ विभिन्न विषयों से संबंधित हैं, जिनमें धार्मिक ग्रंथ, आयुर्वेद, ज्योतिष, इतिहास, दर्शन, साहित्य एवं पारंपरिक ज्ञान शामिल हैं। कई पांडुलिपियाँ दुर्लभ एवं हस्तलिखित हैं, जिनकी लिपि और भाषा प्राचीन काल की झलक प्रस्तुत करती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इन दस्तावेजों का अध्ययन क्षेत्रीय इतिहास और परंपराओं को समझने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। इस महत्वपूर्ण कार्य में कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े, पीसी महोविया उपसंचालक, निलेश लोखंडे उपसंचालक पुरातत्त्व एवं अभिलेखागार, पुरातत्व संग्रहालय एवं अभिलेखागार विभाग मध्य प्रदेश ग्वालियर से जुड़े अधिकारियों, सप्न साहू प्रभारी उपयंत्री, संतोष वर्मा, अजय पबैया केयरटेकर एवं आकांक्षा कटारिया सहायक वर्ग-3, जिला पुरातत्त्व पर्यटन एवं सांस्कृतिक परिषद दतिया का विशेष योगदान रहा है। सभी के संयुक्त प्रयासों से इस दुर्लभ धरोहर का संकलन एवं संरक्षण संभव हो सका है।