क्षेत्रीय
09-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। ग्राम सिमरिया (बबलिया) निवासी श्री राजेन्द्र सिंह कुलस्ते के परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनकी पुत्री पुष्पलता कुलस्ते का वर्ष 2025 में बीमारी के कारण असामयिक निधन हो गया। परिवार गहरे शोक में था और भविष्य की आर्थिक चिंताएं भी सामने थीं। ऐसे कठिन समय में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई। स्वर्गीय पुष्पलता कुलस्ते का मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बबलिया में बचत खाता था, जिसके माध्यम से वे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़ी हुई थीं। निधन के बाद उनके पिता श्री राजेन्द्र सिंह कुलस्ते ने बैंक में बीमा दावा प्रस्तुत किया। बैंक प्रबंधन ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराईं तथा 2 लाख रुपये की बीमा राशि स्वीकृत की गई। 20 जनवरी 2026 को शाखा प्रबंधक श्री ललित सिंगौर ने लाभार्थी श्री राजेन्द्र सिंह कुलस्ते को 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी अपने की कमी कोई राशि पूरी नहीं कर सकती, लेकिन यह योजना संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक संबल अवश्य देती है। राजेन्द्र सिंह कुलस्ते ने शासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता राशि से परिवार को कठिन समय में सहारा मिला है। बैंक कर्मियों हिमांशु परस्ते एवं बुद्धभूषण निकुंबे के सहयोग से मिली यह आर्थिक सहायता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशीलता को दर्शाती है। ईएमएस / 09/05/2026