09-May-2026
...


कानपुर (ईएमएस)। यूपी के कानपुर महानगर के फीलखाना थाना क्षेत्र में बीती देर शाम एक होजरी व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हाता स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर व्यापारी लहूलुहान हालत में मिला। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले का ही एक रेस्टोरेंट संचालक का बेटा उन्हें बहाने से अपने साथ वहां लेकर गया था, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान शिवाला निवासी 42 वर्षीय विजय कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। विजय की मोहल्ले में ही अंडरगारमेंट्स की दुकान थी। मृतक के भाई अजय ने बताया कि रात करीब आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि विजय एक मकान में गिरे पड़े हैं. जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो विजय के सिर के पिछले हिस्से से काफी खून बह चुका था। उन्हें तत्काल उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मृतक के भाई अजय ने बताया कि विशाल गुप्ता उर्फ विशाल बाबा, जो शिल्पा रेस्टोरेंट संचालक का बेटा है, विजय को अपने साथ लेकर ऊपर गया था। वारदात के बाद से ही विशाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जितेन्द्र 09 मई 2026