- बारिश में कहीं जल भराव हुआ तो संबंधित इंजीनियर होंगे जिम्मेदार : महापौर डॉ सिकरवार ग्वालियर ( ईएमएस ) । शहर के सभी नालों सीवर लाइनों की तली झाड़ सफाई कर लें इसके लिए जो भी अतिरिक्त संसाधन लगाने हैं वह भी लगा ले यदि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी भरा तो संबंधित क्षेत्र के इंजीनियर जिम्मेदार होंगे। इसके साथ ही गंदे पानी की समस्याओं का भी निराकरण समय रहते करे अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उक्त आशय के निर्देश महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने शनिवार को चारों विधानसभा क्षेत्र की अलग अलग समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए। बाल भवन के एक्यूआई सेंटर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान चारों विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों की पृथक पृथक समीक्षा की गई। जिसमें सीवर सफाई ,नाला सफाई, पेयजल एवं साफ सफाई की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करते हुए वार्डों में व्याप्त समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, मुनीश सिंह सिकरवार सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर डॉक्टर सिकरवार ने ग्वालियर विधानसभा एवं ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में गंदे पानी , नाला सफाई एवं साफ सफाई की समीक्षा की गई तथा संबंधित क्षेत्र के पार्षद गणों के साथ चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर निरीक्षण करने एवं समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि 17 मई को उनके द्वारा भ्रमण किया जाएगा तथा 15 दिवस बाद पुनः बैठक आयोजित कर समीक्षा की जाएगी, यदि अधिकारियों द्वारा बताए गए कार्य नहीं किए गए तो फिर कड़ी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी तैयार रहें। अधिकारी प्रतिदिन निकले क्षेत्र में और गंभीरता से करें समस्याओं का निराकरण : विधायक श्री सिकरवार ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार ने विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों की वार्ड वार चर्चा की तथा गंदे पानी समस्या एवं नाला सफाई तथा सीवर सफाई को लेकर अधिकारियों से चर्चा की तथा अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सीधे संबंधित पार्षदों से बात कर किए गए कार्य की पुष्टि की और पार्षदों द्वारा पुष्टि न करने पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की अधिकारी वार्डों में भ्रमण करें और जहां जो समस्या है उसका तत्काल निराकरण कराए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से कहा कि अभी प्रत्येक जोन में 10-10 कर्मचारी नाला सफाई के लिए अतिरिक्त व्यवस्था कर दें , जिससे वार्ड में नालों की सफाई हो जाए अन्यथा बारिश के दौरान बहुत अधिक समस्या होगी। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के नालों एवं सीवर लाइन की तली झाड़ सफाई कराए, तभी समस्या का निराकरण होगा अन्यथा बारिश के दौरान फिर सभी को परेशानी का सामना खड़े करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन क्षेत्र में निकले तथा अपने-अपने क्षेत्र के पार्षदों के साथ समन्वय कर उनसे समस्याओं की जानकारी लें और जो भी संसाधन आवश्यक है उन संसाधनों की व्यवस्था कर आवश्यक कार्य कराए। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में दूषित पानी आ रहा है उसका तुरंत निराकरण कराए। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दिक्कत बढ़ 18 एवं 19 में आती है इसलिए इन क्षेत्रों के लिए विशेष व्यवस्था कर कार्य करें अन्यथा सभी को परेशानी होगी। ग्रामीण क्षेत्र में कहीं भी हुआ जल भराव तो अधिकारी होंगे जिम्मेदार : विधायक श्री गुर्जर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 6 वार्डों की समीक्षा विधायक श्री साहब सिंह गुर्जर ने की। उन्होंने वार्ड वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नालों की सफाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल नालों की सफाई करें अन्यथा हबीबपुर ,जारगा अकबर पुर, शंकर पुर सहित अन्य कई क्षेत्रों में जल भराव की समस्या होती है तो संबंधित इंजीनियर की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि जहां भी नाला निर्माण होना है तत्काल निर्माण कारण और जहां नाले की सफाई मशीन द्वारा की जानी है वहां तत्काल सफाई कराए। उन्होंने कार्य कराए जाने की समय सीमा अधिकारियों से तथा उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे।